राहुल गांधी INDIA गठबंधन ने 12 अक्तूबर की शाम सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला और वहां पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दाखिल की. विपक्ष का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और ‘वोट चोरी’ जैसे गंभीर मुद्दों पर कार्रवाई होनी चाहिए. दरअसल सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत (CJI Surya Kant) ने राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं से मुलाकात करने से भले इनकार कर दिया था, लेकिन उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने का एक साफ कानूनी रास्ता बता दिया. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस के 10-15 नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल को अपने परिसर में बने फाइलिंग काउंटर पर जाकर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका सौंपने की इजाज़त दी थी. खास बात यह रही है कि फाइलिंग काउंटर बंद से ठीक एक मिनट पहले यह याचिका दाखिल हुई. सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दायर याचिका में मुख्य याचिकाकर्ता राहुल गांधी समेत कुल 11 नेताओं के नाम हैं. इनमें मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, डी राजा, सौगत रॉय, संजय राउत, सुप्रिया सुले , महुआ माझी, ईटी मोहम्मद बशीर और एमए बेबी शामिल हैं.
सीजेआई ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि इन मुद्दों से संबंधित मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं. ऐसे मामलों पर चर्चा करने के लिए बैठक बुलाना संविधान में निहित शक्तियों के पृथक्करण (Separation of Powers) के सिद्धांत के विपरीत होगा. उन्होंने इसे न्यायिक मर्यादा और स्थापित परंपराओं के अनुरूप भी नहीं माना.

