केंद्र सरकार में मंत्री एल. मुरुगन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वह केंद्रीय सूचना और प्रसारण के संसदीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री थे. उन्होंने इन दोनों पदों के इस्तीफे के साथ ही राज्यसभा की सदस्यता भी छोड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे इस्तीफे में अपने इस कदम की वजह भी बताई है. उन्होंने इस पत्र में पीएम मोदी के हालिया तमिलनाडु दौरे, राज्य के विकास और केंद्र सरकार में अपने कार्यकाल का जिक्रकिया है.
इस पत्र में मुरुगन ने लिखा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान अलग-अलग जगहों पर लोगों का उत्साह और उनके प्रति स्नेह देखकर उन्हें गहरा प्रभाव महसूस हुआ. मुरुगन के मुताबिक, लोगों की प्रतिक्रिया तमिलनाडु के बेहतर भविष्य की उम्मीद को दर्शाती है. पत्र में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत और तमिलनाडु की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. उन्होंने यह भी लिखा कि राज्य के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता और लोगों का उनके प्रति स्नेह देखकर तमिलनाडु, पार्टी और देश के लिए और अधिक काम करने का उनका संकल्प मजबूत हुआ है.

